Tuesday, May 25, 2010

हृदयाघात व कैंसर का खतरा घटाती हैं चेरियां


चटख लाल रंग की खट्टी-मीठी रस भरी चेरी देख कर भला किसके मुंह में पानी नहीं आएगा। प्रकृति की देन यह खूबसूरत नन्हीं चेरी सूरत के साथ-साथ सीरत भी रखती हैं। इन्हें खाने से हृदयाघात और कैंसर होने का खतरा 25 फीसदी कम हो जाता है।
प्राकृतिक चिकित्सक के सी गर्ग ने बताया कि चेरी में मेलाटोनिन नामक तत्व पाया जाता है जो हमारे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता के लिए महत्वपूर्ण होता है। चेरी में एन्थोसाइनिन नामक लाल पिगमेंट पाया जाता है। यह एन्टीआक्सीडेंट की तरह काम करता है। विटामिन सी और एन्थोसाइनिन से हमारे शरीर में पाया जाने वाला कैलोजन मजबूत होता है।
डा गर्ग ने बताया कि चेरियां हृदयघात और कैंसर का खतरा 50 फीसदी कम कर देती हैं। यह अर्थराइटिस, गठिया और सिरदर्द के उपचार में भी सहायक है और दर्द कम कर देती हैं। इसके अलावा जी मिचलाने और उल्टी की शिकायत इन नन्हें फलों से दूर हो जाती है। ब्रांकाइटिस, अस्थमा और हैजे के इलाज में भी चेरियां उपयोगी हैं।
ताजी चेरियां खाने का मजा ही कुछ और है। चेरी वाला कस्टर्ड या चेरी से सजी आइसक्रीम अथवा केक को कभी ध्यान से देखा है आपने। ऐसा लगता है मानों चेरियों से सज कप ये इठलाने लगते हैं।
आहार विशेषज्ञ शीला सहरावत ने बताया कि चेरी विटामिन सी और विटामिन के का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। इनमें थायमीन, राइबोफ्लैविन, विटामिन बी6 और पैंटोथेनिक अम्ल भी भरपूर पाया जाता है। इसमें नायसिन, फोलेट और विटामिन ए की संक्षिप्त मात्रा पाई जाती है।
सहरावत ने बताया कि पोटेशियम और मैगनीज जैसे खनिजों से भरपूर चेरी में कॉपर, आयरन, कैल्शियम और फास्फोरस भी संक्षिप्त मात्रा में पाए जाते हैं।
बेहद नन्हीं सी एक गुठली अपने अंदर समेटने वाली इस चेरी की खूबियों के चलते ही हर साल 26 मई को चेरी डेजर्ट डे मनाया जाता है। कुल 100 ग्राम चेरी में कैलोरी की मात्रा 63 होती है। रेशे की स्रोत चेरी में मुख्यत: पानी और कार्बोहाइड्रेट होता है और इसमें संतृप्त वसा [सैचुरेटेड फैट], कोलेस्ट्रॉल और सोडियम की मात्रा कम होती है।
चेरी से जुड़े कुछ दिलचस्प तथ्य भी हैं। इंग्लैंड में बहुतायत में पाई जाने वाली चेरी अचानक वहां से नदारद हो गई। वहां के राजा हेनरी अष्टम ने फ्लैंडर्स में चेरी खाई और केंट में सिटिंगबर्न के समीप इसके बागान लगाने का आदेश दिया। तब एक बार फिर ब्रिटेन में चेरी की बहार आ गई।
आस्ट्रेलिया के न्यूसाउथ वेल्स का यंग शहर चेरी कैपिटल आफ आस्ट्रेलिया कहलाता है। यहां राष्ट्रीय चेरी महोत्सव हर साल आयोजित होता है।
अमेरिका के मिशीगन को चेरी कैपिटल आफ व‌र्ल्ड कहा जाता है। यहां भी राष्ट्रीय चेरी महोत्सव आयोजित किया जाता है जिसकी ख्याति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है।
कृषि वैज्ञानिक सी एस ठाकुर ने रायपुर [छत्तीसगढ़] से बताया कि चेरी के पौधों की बहुत देखभाल करनी पड़ती है। समय पर इनकी सिंचाई, उर्वरक, इनकी देखभाल, बारिश तथा ओलावृष्टि के कारण नुकसान की आशंका के चलते इसका उत्पादन बहुत खर्चीला होता है। इसके बावजूद चटख लाल चेरी की मांग में कमी नहीं आती।

Friday, May 21, 2010

अब कौमार्य भी पाइए कृत्रिम तौर पर


भारतीय समाज में शादी से पहले लड़कियों में कौमार्य अनिवार्य सी शर्त मानी जाती है, और शायद इसीलिए पाश्चात्य संस्कृति से प्रभावित महानगरों में अब ऐसे मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिनमें लड़कियां सुंदर नाक-नक्श की तरह ही कौमार्य भी कृत्रिम तौर पर हासिल कर रही हैं।
आम तौर पर शारीरिक संबंधों, खेल संबंधी शारीरिक गतिविधियों या कभी किसी चोट के कारण योनि के भीतर की हायमन झिल्ली फट जाती है, जिसे दुरूस्त कराने की प्रक्रिया हायमेनोप्लास्टी कहलाती है। इस सर्जरी का उपयोग अब कृत्रिम तौर पर कौमार्य पाने के लिए भी किया जा रहा है।
क्या हायमेनोप्लास्टी के बढ़ते मामलों के पीछे महानगरीय संस्कृति भी एक बड़ा कारण है, इस सवाल के जवाब में मुंबई के कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. अनुराग तिवारी ने कहा कि निश्चित तौर पर, महानगरों में आजकल शादी से पहले शारीरिक संबंध आम बात हो गई है और इसी के चलते कई लड़कियां, जिनकी जल्द शादी होने वाली है, कॉस्मेटिक सर्जन का रुख करती हैं, ताकि शादी के पहले के शारीरिक संबंधों के बारे में भावी पति को पता न चले।
हालांकि उन्होंने इस बात को भी स्वीकार किया कि लंबे समय तक खेलों और ऐसी ही अन्य शारीरिक गतिविधियों से जुड़ी रहीं लड़कियां भी कई बार हायमेनोप्लास्टी कराती हैं।
डॉ. तिवारी ने कहा कि हायमेनोप्लास्टी मुख्य तौर पर योनि में कसाव लाने की प्रक्रिया है। पहले शारीरिक संबंध के बाद हायमन झिल्ली फट जाती है, जिसे दोबारा दुरूस्त करने के लिए हायमेनोप्लास्टी की जाती है। इसकी जरूरत कई बार उन लड़कियों को भी पड़ती है, जो खेलों या एथलेटिक्स संबंधी गतिविधियों में शामिल होती हैं, ताकि शादी के बाद किसी तरह की गलतफहमी न पैदा हो।
इस संबंध में दिल्ली के ख्यातिप्राप्त कास्मेटिक सर्जन डॉ. पी के तलवार ने बताया कि पिछले कुछ सालों में हायमेनोप्लास्टी के मामलों में इजाफा हुआ है और जल्द शादी करने जा रही लड़कियां यह सर्जरी कराने से नहीं हिचक रहीं।
डॉ. तलवार ने बताया कि निश्चित तौर पर लड़कियों और महिलाओं का हायमेनोप्लास्टी की ओर रुझान बढ़ा है। यह सर्जरी कराने वालों में हर वर्ग की महिलाएं शामिल हैं। कॉलेज जाने वाली लड़कियां, जिनकी शादी होने वाली है और कई तो शादीशुदा भी, इस सर्जरी से भावी जीवन का आनंद उठाने से नहीं हिचक रहीं।
डॉ. तलवार ने कहा कि शादीशुदा महिलाएं प्रसव के बाद भी कई बार इस सर्जरी का सहारा लेती हैं। कई महिलाएं ऐसी भी आती हैं, जिनकी शादी को 20 से भी ज्यादा वर्ष हो गए हैं और वे आगे भी वैवाहिक जीवन का भरपूर सुख उठाना चाहती हैं, इसलिए इस सर्जरी का विकल्प अपनाती हैं।
कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. मनीषा मनसुखानी उपचार की सुलभता को हायमेनोप्लास्टी के बढ़ते मामलों के पीछे का कारण मानती हैं। डॉ. मनीषा ने बताया कि देर से शादी और सामाजिक तौर पर खुलेपन के कारण भी लड़कियां हायमेनोप्लास्टी कराती हैं।
कॉस्मेटिक सर्जन ने बताया कि देर से शादी और ब्वॉयफ्रेंड्स की लंबी फेहरिस्त अब सोशल स्टेटस सिंबल बन गए हैं। ऐसे में लड़कियों को हायमेनोप्लास्टी के रूप में एक आसान विकल्प मिल जाता है। मेडिकल तकनीक दिनों-दिन आसान होती जा रही है और इसका फायदा हर वर्ग उठा रहा है।
डॉ. मनीषा के मुताबिक, इसके बाद भी कहा जा सकता है कि अब तक यह प्रक्रिया काफी हद तक उच्च या मध्यम वर्ग की महिलाओं के बीच ही सीमित है।

Thursday, May 20, 2010

अगर पति पत्नी से ज्यादा खुश हैं तो तलाक की आशंका


यह बात अजीब लग सकती है, लेकिन महिलाओं को सावधान करने वाली है, यदि आपके पति आपसे ज्यादा खुश रहते हैं तो फिर आप पर तलाक की गाज गिर सकती है।
डीकिन विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्रियों ने शोध के दौरान पाया कि यदि शादीशुदा जोडे़ के बीच खुशी का स्तर भिन्न है, खासकर यदि पति ज्यादा खुश होते हैं, तो तलाक की आशंका ज्यादा रहती है।
शोधकर्ताओं ने आस्ट्रेलिया, जर्मनी और ब्रिटेन के आंकड़ों पर जब गौर फरमाया तो पाया कि पति-पत्नी के बीच खुशी के स्तर में जितनी अधिक भिन्नता थी, चाहे वह शादी का पहला ही साल क्यों न हो, तलाक का खतरा उतना ही अधिक था।
अध्ययन के दौरान पाया गया है कि हालांकि महिलाएं पुरुषों से अधिक खुश थीं, लेकिन जिन दंपतियों में पुरुष ज्यादा खुश थे वहां शादियां टूट गईं।
मुख्य शोधकर्ता अर्थशास्त्री डा. काहित गुवेन ने कहा कि तलाक के बाद पति और पत्नी के बीच खुशी का अंतर जरूर कम हुआ, लेकिन उनके बीच उन दंपतियों की तुलना में खुशी का अंतर ज्यादा ही रहा जहां दोनों एक दूसरे से अलग नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इसका मतलब उन्होंने शुरू में गलत निर्णय लिया और अलग होने के बाद उनमें खुशिया का अंतर बना रहा, गायब नहीं हुआ।
गुवेन ने कहा कि तलाक की खतरा आय और घर के कामकाज से भी जुड़ा होता है।

Wednesday, May 19, 2010

अब 10 मिनट में दूर होगी नपुंसकता


आने वाले दिनों में वैज्ञानिक एक ऐसा इनहेलर [सांस के जरिए शरीर में दवा प्रक्षेपित करने वाला यंत्र] विकसित करने में सफलता हासिल कर लेंगे, जो 10 मिनट में नपुंसकता दूर करने में सक्षम होगा। यह बात एक शोध में सामने आई है।
इन भविष्य के उपयोगी इनहेलर में 'एपोमॉर्फीन' नाम की एक पाउडर रूपी दवा भरी होगी, जो दिमाग में मौजूद तंत्रिकाओं को रासायनिक क्रिया के जरिए उत्तेजित करेगी। एपोमॉर्फीन का इजाद पार्किसन रोग के निवारण के लिए किया गया था, लेकिन वैज्ञानिकों ने पाया कि इसमें मनुष्य की यौन शक्ति बढ़ाने की भी क्षमता है।
नए इनहेलर को लेकर काम चल रहा है। इसका स्वरूप काफी हद तक दमे के इलाज के लिए उपयोग में लाए जाने वाले इनहेलर की तरह ही होगा।
अब तक नपुंसकता और कमजोर यौन शक्ति वाले लोग अपनी यौन संतुष्टि के लिए वियाग्रा और अन्य तरह की शक्तिवर्धक दवाओं का उपयोग करते आ रहे हैं, लेकिन अब उन्हें इस दवाओं से छुटकारा मिल सकता है।

Saturday, May 15, 2010

महिलाओं के स्पर्श से बढ़ता है आत्मविश्वास


महिलाओं का स्पर्श अपनी निजी जिंदगी में दिक्कतों का सामना कर रहे पुरुषों के लिए बेहद कारगर है। एक नए शोध से पता चला है कि महिलाओं के स्पर्श मात्र से पुरुष खुद को अधिक सुरक्षित और जोखिम लेने में सक्षम पाते हैं।
वेबसाइट 'एक्सप्रेस डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक शोध में बताया गया है कि अगर कोई पुरुष परेशानी से जूझ रहा हो या चिंता में डूबा हो तो ऐसे में महिलाओं के स्पर्श से चिंताओं में कमी आती है।
इस शोध में यहां तक कहा गया है कि अगर कोई पुरुष आर्थिक तंगी का सामना कर रहा हो और ऐसे में उसकी महिला साथी अपना हाथ उसकी पीठ पर रख दे तो उस व्यक्ति को बहुत सुकून महसूस होता है।
इस शोध में कुछ पुरुष और महिला स्वयंसेवियों को शामिल किया गया था। शोधकर्ताओं ने अलग अलग तरीकों से स्वागत करने का तरीका को चुना। कुछ महिलाओं और पुरुषों ने कंधे पर स्पर्श किया, कुछ ने हाथ मिलाया और कुछ ने दूरी बनाए रखी। इसके बाद शोधकर्ता इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि महिलाओं का स्पर्श पुरुषों के लिए खास है।

Thursday, May 13, 2010

खुशहाल विवाहित जीवन दिल के लिए फायदेमंद


यदि आपका विवाहित जीवन खुशहाल है तो यह आपके दिल के लिए फायदेमंद हो सकता है। एक नए अध्ययन से पता चला है कि बढ़ती उम्र में प्यार करने वाली पत्नी का साथ हो तो पुरुषों में दिल के दौरे से होने वाली मौत का खतरा कम हो जाता है।

शीबा मेडीकल सेंटर के न्यूफील्ड कार्डिएक इंस्टीट्यूट के अध्ययनकर्ता यूरी गोल्डबार्ट का कहना है कि वैवाहिक खुशहाली और दिल के दौरे से होने वाली मृत्यु में संबंध है।

शोधकर्ताओं ने 1963 से 1997 तक 34 वर्षो तक एक अध्ययन किया था। उन्होंने अपने अध्ययन में पाया कि अविवाहित पुरुषों और दुखी वैवाहिक जीवन वाले पुरुषों में खुशहाल विवाहित पुरुषों की अपेक्षा दिल के दौरे की संभावना 64 प्रतिशत ज्यादा होती है।

तेल अवीव विश्वविद्यालय ने एक सर्वेक्षण किया था, जिसमें मध्यम आयु के 10,059 इजरायली पुरुषों में अध्ययन के आंकड़े इकट्ठे किए गए थे।साउथ कैरोलिना के चिकित्सा विश्वविद्यालय के डा. डेनियल लैकलैंड का कहना है कि साथी का सहयोगात्मक रवैया बीमारी से बचाने में कारगर हो सकता है। उन्होंने कहा कि पत्नी के सकारात्मक प्रभाव से चलते मरीज दवाएं लेता है, स्वास्थ्य के लिए अच्छा भोजन चुनता है और उसे आपात स्थिति में चिकित्सा सुविधाएं भी तुरंत मुहैया हो जाती हैं।