Thursday, September 18, 2008

पत्नी की जान से ज्यादा कुत्ते का प्यार


सात जन्मों का बंधन कभी-कभी एक जन्म में ही बोझ बन जाता है। रोजाना की किच-किच से तंग आए आस्ट्रेलिया के एक 42 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी को महज इस वजह से गला घोंटकर मार डाला क्योंकि वह उसके पालतू कुत्ते को पसंद नहीं करती थी।

हत्या करने के बाद एंथनी शेर्न ने अपनी पत्‍‌नी का शव कई दिन तक बिस्तर पर ही पड़ा रहने दिया। पालतू कुत्ता जैक रसेल मृत शरीर को देखकर परेशान न हो, इस वजह से शेर्न उसे जानवरों की देखभाल करने वाली संस्था में छोड़ आया। मेलबर्न मजिस्ट्रेट की अदालत में सोमवार को पेश हुए इस मामले में शेर्न ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

अभियोजन पक्ष के वकील के मुताबिक विक्टोरिया एस्टेट में रहने वाले शेर्न और सुजेन किसी से मिलना-जुलना पसंद नहीं करते थे। उनका कोई दोस्ता नहीं था। उनका अगर कोई था, तो बस पालतू कुत्ता जैक रसेल। हर रात जब शेर्न रेडियो सुनता तो जैक उनकी बांह पर सिर रखकर सोया करता। लेकिन, फरवरी की एक रात जब वह जैक को सीने से लगाए था, सुजेन उस पर चिल्लाने लगी। गुस्से में शेर्न ने उसे थप्पड़ मार दिया।

शेर्न ने करीब 15 मिनट तक अपनी पत्नी को मनाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। इससे तैश में आए शेर्न ने गाउन के फीते से उसका गला घोंट दिया। पुलिस को दिए बयान में शेर्न ने कहा कि उसकी पत्‍‌नी एगोरेफोबिया [अकेले रहना पसंद करना और भीड़-भाड़ से डरना] की शिकार थी। दोनों रोजाना शराब पीते और आपस में लड़ते। शेर्न ने बताया कि करीब दस साल से दोनों अलग कमरों में सो रहे थे और तीन साल से उनके बीच सेक्स संबंध नहीं बने थे।

No comments: