Friday, September 26, 2008

फूल दिखाएं सुहाने सपने


शयनकक्ष में फूल रखने से ज्यादा खुशनुमा और रोमांटिक भला और क्या हो सकता है। बहरहाल एक नए अध्ययन में कहा गया है कि फूलों की खुशबू सुहावने सपनों को आमंत्रित भी कर सकती है।

जर्मनी के अनुसंधानकर्ताओं ने एक अध्ययन के बाद निष्कर्ष निकाला है कि शयनकक्ष में फूल रख कर सोने से सुहावने सपने आ सकते हैं। उनका यह भी कहना है कि दु:स्वप्नों से परेशान होने वालों के लिए यह खोज महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। द डेली टेलीग्राफ में आज प्रकाशित एक खबर में कहा गया है कि अनुसंधानकर्ताओं ने 15 महिला स्वयंसेवियों के सोने के तरीके का करीब 30 रात तक अध्ययन किया।

जब ये महिलाएं गहरी नींद में थीं और सपने देख रही थीं तब उनकी आंखों की पुतलियां तीव्रता से गतिमान थीं। इसी दौरान अनुसंधानकर्ताओं ने इन महिलाओं को सड़े हुए अंडों तथा गुलाब की गंध अलग-अलग सुंघाई। कुछ देर इन महिलाओं को कोई गंध नहीं सुंघाई गई। नींद से जागने के बाद इन महिलाओं से उनके सपने याद करने के लिए कहा गया।

अध्ययन में कहा गया है कि सपनों के भावों पर गंध का प्रभाव पड़ा लेकिन वह गंध उनके सपने का हिस्सा नहीं बन पाई। उदाहरण के तौर पर जिन महिलाओं को गुलाब सुंघाए गए थे उन्होंने सपनों में गुलाब नहीं देखे।

यह अध्ययन शिकागो में 2008 अमेरिकन एकेडमी आफ ओटोलैरिंगोलो जी हेड एंड नेक सर्जरी फाउंडेशन एनुअल मीटिंग में पेश किया गया। अध्ययन में बताया गया है कि महिलाओं से पूछे गए सवालों के जवाबों के आधार पर अनुसंधानकर्ताओंने निष्कर्ष निकाला कि नकारात्मक गंध और नकारात्मक भावों के बीच संबंध है।

अनुसंधानकर्ताओं ने बताया कि दु:स्वप्न देखने वालों का अध्ययन दिलचस्प होगा। इससे यह भी पता चल सकेगा कि क्या सकारात्मक गंध से उनके सपनों का मूड प्रभावित होता है।

1 comment:

वीनस केसरी said...

रोचक जानकारी देने के लिए धन्यवाद
वीनस केसरी